
मारपीट और हत्या के प्रयास के चार आरोपी गिरफ्तार
बैरिया पुलिस ने सोनबरसा अस्पताल रोड से दबोचा, पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा


बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास के चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सोनबरसा अस्पताल रोड के पास से चारों को हिरासत में लिया।




पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को पीड़ित ने बैरिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गाड़ी साइड करने की बात को लेकर संजय पासवान, दिलीप पासवान, अजय पासवान, जितेंद्र पासवान और मिट्ठू पासवान ने उसके भाई के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।इसी क्रम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए संजय पासवान (30), दिलीप पासवान (27) निवासी शोभाछपरा, अजय पासवान (24) निवासी रजौली और जितेंद्र पासवान (21) निवासी रेवती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।