विशेष अभियान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आए 6234 आवेदन

Spread the love

विशेष अभियान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आए 6234 आवेदन

22 नवंबर को पुनः आयोजित होगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान

मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक तैनात रहेंगे बूथ लेबल अधिकारी

बलिया। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने और संशोधन के लिए कुल 6234 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 3759 आवेदन नए मतदाताओं के पंजीकरण से संबंधित हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार, बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र में 1012, रसड़ा में 1087, सिकंदरपुर में 556, फेफना में 865, बलिया नगर में 896, बांसडीह में 963 और बैरिया में 855 आवेदन प्राप्त हुए।इनमें नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6 के तहत 1308 पुरुष और 2451 महिला आवेदकों ने आवेदन किया। वहीं नाम विलोपित कराने के लिए फार्म-7 के तहत 350 तथा संशोधन के लिए फार्म-8 के तहत 143 आवेदन मिले। विधानसभावार आंकड़ों में रसड़ा में सर्वाधिक 1087 और सिकंदरपुर में सबसे कम 556 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटाने के आवेदनों में 364 मृतक, 537 स्थानांतरित और 143 डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित मामले दर्ज किए गए।


उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत 22 नवंबर को दूसरा विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दिन जिले के सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और संशोधन के लिए फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के छूटे हुए सदस्यों का नाम दर्ज कराएं। इसके लिए अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण से संबंधित स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लेकर जाएं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ ले जाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *