
कवि सम्मेलन में सियासी तंज पर गूंजे ठहाके, संग्राम के टिकट पर कवि ने ली चुटकी
मुलायम सिंह यादव की स्मृति में सजी साहित्यिक महफिल, कविता और शायरी के बीच दिखा सियासत का रंग



बलिया। गंगा बहुद्देशीय सभागार शनिवार को कविता, शायरी, हास्य और सियासी व्यंग्य का गवाह बना। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की स्मृति में आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में कवियों ने अपनी रचनाओं से जहां श्रोताओं का दिल जीता, वहीं राजनीतिक टिप्पणियों ने खूब ठहाके भी लगवाए। महफिल में सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई, जब एक कवि ने मंच से संग्राम यादव के टिकट को लेकर चुटकी ले ली।




कवि ने अपने अंदाज में कहा, “जहां अंबिका का फ्लैट है, इस कॉलोनी में मेरा भी फ्लैट है। संग्राम जी घबराइए मत, टिकट आप ही को मिलेगा।” इतना सुनते ही पूरा सभागार हंसी और तालियों से गूंज उठा। कविता के बहाने की गई इस सियासी टिप्पणी ने आगामी चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं को भी मंच पर ला दिया।




पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के आयोजन में जुटे देश के नामचीन कवियों और शायरों ने देर रात तक अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधे रखा। किसी ने हास्य और व्यंग्य से गुदगुदाया तो किसी ने अपनी शायरी से श्रोताओं को भावुक कर दिया। कवि सम्मेलन में सर्वेश, बादशाह प्रेमी, सरिता शर्मा, गजेंद्र प्रियांशु, शाइस्ता सना, शंभू शिखर, चरण सिंह बसर, अशोक चारण, मदन मोहन दानिश और अकील नोमानी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। साहित्यिक आयोजन में राजनीतिक जगत की भी खास मौजूदगी रही। आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद राजीव राय और सांसद रामाशंकर विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा विधायक मोहम्मद रिजवी, जयप्रकाश अंचल और संग्राम यादव भी मौजूद रहे। कविता और मुशायरे की इस महफिल में साहित्य के साथ सियासत का रंग भी देर तक छाया रहा।