ददरी मेले में अभिनेता गोविंदा, सलमान अली, कल्पना पटवारी और समर सिंह करेंगे मनोरंजन

Spread the love

ददरी मेले में अभिनेता गोविंदा, सलमान अली, कल्पना पटवारी और समर सिंह करेंगे मनोरंजन

भारतेन्दु कला मंच पर 5 से 17 दिसंबर तक बॉलीवुड, भोजपुरी संगीत और कवि सम्मेलन के होंगे कार्यक्रम

एक दिसंबर को होगा बलिया केशरी दंगल

श्रवण कुमार पांडेय

बलिया। ददरी मेले में इस बार भारतेन्दु कला मंच पर बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों के साथ ही नामचीन गायकों व कवियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। अभिनेता गोविंदा, इंडियन आइडल फेम सलमान अली, भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी, खुशी कक्कड़ और गायक समर सिंह समेत कई कलाकार मेले में अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, एक दिसंबर को बलिया केशरी दंगल का आयोजन किया जाएगा।


नगर पालिका परिषद बलिया के अध्यक्ष संत कुमार मिठाई लाल ने बताया कि मेले के विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं।खेलकूद प्रतियोगिताओं से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। भारतेन्दु कला मंच पर बॉलीवुड, भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और गायकों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, पांच दिसंबर को ही रात आठ बजे सैक्सोफोन वादक लिपिका सामन्था और डांस ग्रुप की प्रस्तुति होगी। रात नौ बजे इंडियन आइडल के रनरअप और बॉलीवुड गायक सलमान अली मंच पर अपने गीतों से समां बांधेंगे। 11 दिसंबर को भोजपुरी नाइट का आयोजन होगा। इसमें भोजपुरी गायक समर सिंह, गायिका खुशी कक्कड़ और नृत्यांगनाएं माही व मनीषा अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके बाद 14 दिसंबर को डांस ग्रुप के कार्यक्रम के बाद रात दस बजे बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा मंच पर प्रस्तुति देंगे।


17 दिसंबर को रात आठ बजे भारतेन्दु कला मंच पर ऐतिहासिक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें हास्य कवि रोहित शर्मा, विनोद पाल और चेतन चर्चित, गीतकार तृष्याश्री और निलोत्पल मृणाल तथा शायर चिराग शर्मा और अजहर इकबाल श्रोताओं को अपनी रचनाओं से रूबरू कराएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि 19 दिसंबर को रात आठ बजे कव्वाली कार्यक्रम होगा। वहीं, 13 दिसंबर को दिन में 11 बजे संत समागम और 20 दिसंबर को समापन एवं सहभोज का आयोजन किया जाएगा। ददरी मेले के सभी कार्यक्रमों को लेकर नगर पालिका की ओर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *