दो माह बाद बलिया नगर पालिका को मिला नया ईओ, मनोज रस्तोगी की हुई तैनाती

Spread the love

दो माह बाद बलिया नगर पालिका को मिला नया ईओ, मनोज रस्तोगी की हुई तैनाती

सुभाष कुमार के स्थानांतरण के बाद अब मनोज रस्तोगी संभालेंगे बलिया नगर पालिका की कुर्सी

दो महीने से प्रभारी के भरोसे चल रही नगर पालिका

ईओ और नपा अध्यक्ष के बीच हुए विवाद के बाद सुभाष का हुआ था स्थानांतरण

श्रवण कुमार पांडेय

बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया को करीब दो माह बाद स्थायी अधिशासी अधिकारी (ईओ) मिल गया है। शासन ने बड़ौत (बागपत) नगर पालिका परिषद में तैनात अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी को स्थानांतरित कर बलिया नगर पालिका में तैनात किया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।


नगर पालिका में ईओ का पद जून के बाद से खाली चल रहा था। तत्कालीन अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार का चेयरमैन के साथ विवाद के बाद स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद करीब दो माह तक पद रिक्त रहने के कारण सिटी मजिस्ट्रेट को प्रभारी अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब शासन की ओर से मनोज कुमार रस्तोगी की तैनाती किए जाने के बाद नगर पालिका को नया ईओ मिल गया है।


विशेष सचिव उदय भानु त्रिपाठी की ओर से जारी आदेश में भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के 27 अक्टूबर को जारी निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश पालिका (केंद्रीयित) प्रशासी सेवा के मनोज कुमार रस्तोगी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बड़ौत (बागपत) को जनहित में तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर नगर पालिका परिषद बलिया में तैनात किया गया है। आदेश में नव नियुक्त अधिशासी अधिकारी को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना शासन और नगर निकाय निदेशालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *