29 नवंबर को होगी ददरी मेला चेतक प्रतियोगिता – 2026

Spread the love

29 नवंबर को होगी ददरी मेला चेतक प्रतियोगिता – 2026

बाहुबली, वीर, साधु, बादशाह, बुलेट, राजा व बादल करेंगे हवा से बात

प्रथम पुरस्कार बुलेट, द्वितीय बाइक और तृतीय विजेता को मिलेगी स्कूटी

2500 से घटाकर चेतक प्रतियोगिता की इंट्री फीस हुई 1500

श्रवण कुमार पांडेय

बलिया। ददरी मेला में चेतक प्रतियोगिता (घुड़दौड़) का 29 नवंबर यानि रविवार को आयोजित होगी जो सुबह 11 बजे आरंभ होगी। नंदी ग्राम और मीना बाजार के बीच तैयार किए गए मैदान में घोड़ों की रोमांचक दौड़ होगी। इस प्रतियोगिता में बाहुबली, वीर, साधु, बादशाह, बुलेट, राजा व बादल के अलावा अन्य घोड़े प्रतिभाग करेंगे। शनिवार को समाचार लिखे जाने तक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले एक भी घोड़ा स्वामियों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। चेतक प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि विरेन्द्र सिंह मस्त एवं विशिष्ठ अतिथि जिलाधिकारी बलिया ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा होगे।

चेतक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए नपा प्रशासन द्वारा पंजीकरण पहले 2500 रुपया रखा गया था। जिसे घोड़ा स्वामियों द्वारा नाराजगी के बाद उसे 1500 रुपया नपा द्वारा कर दिया गया है। इसमें प्रतियोगिता में भाग लेने की बिहार प्रांत के मोतिहारी, बक्सर, यूपी के गाजीपुर, बलिया सहित जनपद व गैर जनपद के अलावा गैर प्रांत के घुड़सवार अपने-अपने घोड़े को लेकर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आए हुए हैं। चेतक प्रतियोगिता के व्यवस्थापक इमरान ने बताया कि घोड़ा स्वामियों के साथ प्रतियोगिता से पहले बैठक होगी। उसमें तय होगा कि कितने राउंड की प्रतियोगिताओं की और कितने घोड़े का समूह बनेगा।

बताया कि चेतक प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान तैयार है और 29 नवंबर को सुबह 11 बजे प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को देखने के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार से करीब 10 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले घोड़ों का पंजीकरण नगर पालिका के मेला कार्यालय किया जाएगा। आपको बता दें कि पहले नपा द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को शील्ड, साफा बांधकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता था। लेकिन इस बार नगर पालिका प्रशासन द्वारा प्रथम विजेता को बुलेट, द्वितीय को बाइक और तृतीय विजेता को स्कूटी पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार ददरी मेला के चेतक प्रतियोगिता में पहली बार नगर पालिका द्वारा घुड़सवारों को प्रदान किया जाएगा।

पहले ऐसे होती थी चेतक प्रतियोगिता

पूर्व में चेतक प्रतियोगिता के लिए पांच घोड़े एक समूह में होते थे। प्रत्येक समूह को पहले राउंड में तीन चक्कर लगाने होते थे। प्रत्येक समूह से दो विजेता घोड़े फाइनल राउंड में जाते थे। वहीं फाइनल राउंड में चार चक्कर लगाने होते थे।फाइनल राउंड में प्रदर्शन के आधार पर प्रथम पुरस्कार, द्वितीय पुरस्कार तृतीय पुरस्कार एवं सांत्वना पुरस्कार दिया जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *