
तीन बहनें गछिया बाबा गंगा घाट पर डूबी, दो को नाविकों ने बचाया
दोकटी के बिंद बस्ती गांव में बहन के घर शादी में भाग लेने आई थी तीनों बहने
बलिया। बिहार से बहन के घर विवाह में भाग लेने आई युवती नहाते समय गंगा नदी के गछिया बाबा घाट पर सोमवार की शाम डूब गई। सूचना पर पहुंची लालगंज चौकी पुलिस ने जाल लगवाकर शव को खोजने में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के बिंद बस्ती निवासी धनजी पासवान के छोटे लड़के की शादी 24 अप्रैल को है। जिसका तिलक 20 अप्रैल को सकुशल सम्पन्न हो गया। शादी में भाग लेने धनजी के पुत्र विशाल पासवान की तीन सालिया क्रमशः कुमारी रानी 20 वर्ष, मधु 14 वर्ष पुत्रीगण धनलाल पासवान व चचेरी बहन चंदा पुत्री जगजीवन पासवान 16 वर्ष बिहार राज्य के डुमरी गांव से आई थी। जहां तीनों बहने सोमवार की शाम करीब चार बजे गंगा स्नान गाछिया बाबा घाट पर गई थी। जहां नहाते समय तीनों बहने गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। किसी की नजर डूबते लड़कियों पर पड़ी तो हो हल्ला मचाया। हल्ला सुन वहा नाव चलाने वाले मल्लाह राकेश बिंद,अखिलेश बिंद, प्रभु बिंद बचाने के लिए गंगा में कूद गए। जिन्होंने चंदा और मधु को बचा लिया। लेकिन रानी को नहीं बचा पाए। सूचना पर चौकी प्रभारी लालगंज जय प्रकाश अपने सिपाहियो संग पहुंच जाल लगवाकर छानबीन शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक छानबीन जारी था।