‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत निकली बाइक रैली, डाक चौपाल में ग्रामीणों को किया जागरूक

Spread the love

‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत निकली बाइक रैली, डाक चौपाल में ग्रामीणों को किया जागरूक

बचत, बीमा और डिजिटल बैंकिंग सहित डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

बलिया। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक डाक विभाग की सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को ‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत बलिया मंडल में बाइक रैली एवं डाक चौपाल का आयोजन किया गया। अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को डाक विभाग की बचत, बीमा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

बाइक रैली उपडाकघर हल्दी से शुरू होकर बाबुबेल शाखा डाकघर और उपडाकघर मझौवा होते हुए गंगापुर शाखा डाकघर पहुंची। यहां आयोजित डाक चौपाल में ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें सुकन्या समृद्धि योजना, आवर्ती जमा, सावधि जमा, मासिक आय खाता, राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र, किसान विकास पत्र, पब्लिक प्रोविडेंट फंड, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा सहित अन्य योजनाओं के लाभ बताए गए। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, आधार संबंधी सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट और पार्सल सेवाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया समझाते हुए नजदीकी डाकघर से जुड़कर इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए सहायक शाखा डाकपाल बघोंच स्नेहा सिंह ने भी सहभागिता की। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, बचत एवं बीमा के प्रति जागरूकता पैदा करना और अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने ‘हर घर डाकघर’ की भावना के अनुरूप प्रत्येक परिवार तक डाक विभाग की सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में निरीक्षक डाक पूर्वी उपमंडल राहुल सिंह, पूर्वी उपमंडल के उप डाकपाल, संबंधित शाखा डाकपाल एवं अन्य डाक कर्मचारी, इस दौरान गंगापुर के ग्राम प्रधान रमेश यादव, जनप्रतिनिधि रिंकू गुप्ता सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *