
11 से शारदीय नवरात्र आरंभ, शुभ मुहूर्त में कलश होंगे स्थापित
चार बजे भोर से भक्तों के दर्शन -पूजन के लिए खुलेंगे देवी मंदिरों के पट



बलिया। शारदीय नवरात्र 11 अक्तूबर से आरम्भ होगा। घरों में साफ-सफाई और पूजा स्थल को सजाने के साथ बाजार से माता की मूर्ति, नारियल, चुनरी, श्रृंगार का सामान, कलश, दीया, ढकनी, और पूजा सामग्री खरीदी जा रही है। शनिवार को नवरात्र को लेकर बाजार में रौनक रही। नगर के स्टेशन रोड, शहीद पार्क चौक, विजय सिनेमा रोड, कासिम बाजार आदि बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ लगी रही।



नवरात्र के पहले दिन कलश स्थापना के साथ नौ दिनों तक माता की पूजा की आरंभ हो जाएगी। नौ दिनों के व्रत के लिए कुट्टू और सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, फल, दूध, मखाना और अन्य सामग्री की खरीदारी मां के भक्तों द्वारा की गई। उधर, नगर के जापलिनगंज स्थित दुर्गा मंदिर, ब्रह्माइन गांव स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, कर्पूरी गांव स्थित कपिलेश्वरी भवानी, कोटवा नारायणपुर स्थित मां मंगला भवानी, सिकंदरपुर स्थित जलपा-कल्पा मंदिर, रेवती पचरुखा मंदिर, रसड़ा के उचेड़ा स्थित चंडी देवी समेत 13 प्रमुख देवी मंदिरों में प्राकृतिक व अप्राकृतिक फूलों व बिजली के झालरों से सजाने का कार्य अंतिम चरण में था। इसके अलावा ध्वनि यंत्र लगाए जा रहे थे। देवी मंदिरों के पट 4:00 बजे भोर से खोल दिए जाएंगे। उधर मां के भक्त अपने-अपने घरों पर शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना करने का काम करेंगे। वही मंदिर के बाहर नारियल, चुनरी, खेल – खिलौने, फल-फूल, चाट,पकौड़े आदि की दुकाने सज चुकी है।