
बलिया के कठहीं गांव में किशोरी ने फंदे से लटककर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
मां रसोई में बना रही थी खाना, मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के कठहीं गांव में शनिवार को किशोरी ने फंदे से लटकर अपनी इहलीला समाप्त कर लिया। घटना के समय उसकी मां किचन में खाना बना रही थी। कुछ देर बाद घर के अंदर पहुंची तो बेटी को फंदे से लटका देख चिल्लाने लगी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।वही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।






जानकारी के अनुसार कठहीं गांव निवासी त्रिभुवन यादव की 15 वर्षीय पुत्री रीमा चार बहनों में सबसे बड़ी थी। उसका एक छोटा भाई भी है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय रीमा की मां उर्मिला देवी किचन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान रीमा ने कथित तौर पर साड़ी के सहारे पंखे से फंदा लगा लिया। मां जब किसी काम से कमरे में पहुंचीं तो बेटी को फंदे पर लटका देखकर बदहवास हो गईं। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और हल्दी थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि फंदे से लटकने के कारण किशोरी की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।