
अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस, थानों की सीसीटीवी से होगी निगरानी: एसपी
महिला सुरक्षा, त्वरित जनसुनवाई और पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर, क्षेत्राधिकारी देंगे घटनाओं की वीडियो बाइट
बलिया। जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से औपचारिक वार्ता के दौरान उन्होंने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के साथ जनसुनवाई, महिला सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही को प्राथमिकता देने की बात कही।


एसपी ने कहा कि जिले में संगठित अपराध, अवैध तस्करी और असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और न्यायोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला हेल्प डेस्क को और सक्रिय किया जाएगा। वहीं, आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए पैदल गश्त, रात्रि गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तेज की जाएगी।


क्षेत्राधिकारी देंगे घटनाओं की वीडियो बाइट
एसपी ने मीडिया के साथ बेहतर समन्वय के लिए निर्देश दिया कि अब सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल की प्रमुख घटनाओं के संबंध में वीडियो बाइट उपलब्ध कराएंगे। सोशल मीडिया सेल के माध्यम से ये बाइट पत्रकारों तक पहुंचाई जाएंगी, जिससे घटनाओं से संबंधित आधिकारिक जानकारी समय पर मिल सके।


कैम्प कार्यालय में बनेगा सीसीटीवी कंट्रोल रूम
थानों की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखने के लिए एसपी के कैम्प कार्यालय में सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से सभी थानों में लगे कैमरों की लाइव फुटेज देखी जा सकेगी। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि खराब कैमरों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और किसी भी स्थिति में सीसीटीवी कैमरे बंद न रहें। इस दौरान एसपी ने पत्रकारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपील की।