
शराब की दुकान खुलवाने पहुंचे एसडीएम लोगों के विरोध के बाद लौटना पड़ा बैरंग
अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान को लेकर महिलाओं ने जताई आपत्ति, बस्ती से दूर स्थानांतरित करने की उठाई आवाज
विनोद राजभर हत्या के बाद से बंद चल रही शराब की दुकान



बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 में शराब की दुकान खुलवाने मंगलवार की दोपहर पहुंचे एसडीएम बांसडीह डॉ. पुष्कर मिश्रा और क्षेत्राधिकारी बांसडीह पुलिस बल को महिलाओं व पुरुषों का विरोध झेलना पड़ा। उन्होंने शराब की दुकान को बस्ती से दूर स्थानांतरित करने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि दुकान के कारण शराब पीने वाले लोग बस्ती में आते हैं और महिलाओं व लड़कियों पर अभद्र टिप्पणियां करने के साथ छेड़छाड़ करते हैं। इससे बस्ती का माहौल प्रभावित हो रहा है। महिलाओं और ग्रामीणों की आपत्ति सुनने के बाद एसडीएम ने उन्हें दुकान के खिलाफ लिखित शिकायत देने को कहा। उन्होंने बताया कि लिखित आपत्ति मिलने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंत में एसडीएम व सीओ मौके से बैरंग लौट गए। गौरतलब हो कि नौ नवंबर को वार्ड नंबर 14 निवासी विनोद राजभर को अराजकतत्वों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही शराब और बीयर की दुकान बंद चल रही है। अब दुकान को बस्ती से बाहर स्थानांतरित करने की मांग ने एक बार फिर इस मामले को चर्चा में ला दिया है।