
अस्ताचलगामी सूर्य को आज अर्घ्य देंगी व्रती महिलाएं, शाम को छठ पूजा घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब
कांच ही बांस की बहगिया…पारंपरिक गीत के साथ छठ घाट जाएंगी व्रती महिलाएं

बलिया। सूर्योपासना का छठ महापर्व रविवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर जिले में घर-घर उत्साह देखा गया। व्रती महिलाएं निर्जल व्रत आरंभ किया और सोमवार को प्रात:कालीन सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत तोड़ेंगी। शनिवार की शाम को व्रती महिलाओं ने खरना किया। शाम को रसियाव-रोटी ग्रहण किया। खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जल व्रत शुरू हो गया। रविवार को स्नान के बाद महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। वहीं शाम को कांच ही बांस की बहगिया…पारंपरिक छठ गीत के साथ छठ घाट जाएंगी। जहां छठ मैया से परिवार के सुख-समृद्धि के लिए कामना करेंगी।



छठ घाटों को आकर्षक रूप से सजाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया था। वहीं कुछ जगह सजाया जा रहा था। घाटों पर रंग-बिरंगी पूजा वेदी घाट की शोभा में चार चांद लगा रही हैं। शाम होते ही हर कदम छठ घाट की तरफ निकल पड़ेगा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से पहले व्रती महिलाएं बांस की टोकरी को फलों, ठेकुआ, चावल के लड्डू और पूजा के सामान के साथ सरोवर, तालाब, नदी आदि स्थानों पर जाएंगी।उसके बाद पुरुष उसे सिर पर रखकर घाट तक ले जाते हैं। महिलाएं वेदी फल व पूजन सामग्री रखकर छठी मैया की गीत गाते हुए उनकी आराधना करेंगी। उसके बाद सूर्यास्त से कुछ समय पहले सूर्य देव की पूजा होती है फिर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देकर पांच बार परिक्रमा की जाती है। रविवार की शाम छठ मैया पूजा के लिए बने घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ेगा। इसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की तगड़ी व्यवस्था के बीच व्रती महिलाएं पूजा-पाठ करेंगी।



आकर्षक रूप से सजाया गया छठ घाट
शहर के रामलीला मैदान, लाटघाट, शनिचरी घाट, महावीर घाट गंगा तट, चंद्रशेखर नगर, आवास विकास कॉलोनी, सतनी सराय, कदम चौराहा, जीराबस्ती, हनुमानगंज, तीखमपुर, हाइड्रिल कालोनी के अलावा बहादुरपुर, अगरसंडा, मिड्ढा, भगवानपुर, देवरिया आदि स्थानों पर घाट पूरी तरह से नगर पालिका, समितियों और प्रधानों द्वारा सजाया गया। वहीं ध्वनियंत्र भी लगाए गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्था ठीक करने के लिए छठ घाटों का जायजा लिया। उधर, छठ की तैयारी ग्रामीण अंचलों में भी होती रही।
सूर्यषष्ठी महापर्व पर अर्घ्यदान का समय
सायंकालीन:
15 नवंबर को शाम 5 बजकर 19 मिनट।
प्रातःकाल:
16 नवंबर को सुबह 6 बजकर 32 मिनट।