
एसपी डॉ. ईरज राजा समेत अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर संदीप को दी श्रद्धांजलि, पार्थिव शरीर गृह जनपद संतकबीरनगर रवाना
बलिया। चितबड़ागांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार के असामयिक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। रविवार को पुलिस लाइन बलिया में पुलिस विभाग की ओर से पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से दिवंगत उपनिरीक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। गार्द ने शोक सलामी देकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।




पुलिस लाइन परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा समेत जनपद के अन्य राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत उपनिरीक्षक संदीप कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में ढांढस बंधाते हुए पुलिस विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।