
बलिया के नगरा में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार, चार युवकों की मौत, गांवों में पसरा मातम
मऊ अस्पताल में उपचार के दौरान चारों ने तोड़ा दम, एक ही गांव के थे तीन युवक




बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह के पास शनिवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, क्षेत्र के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।



जानकारी के अनुसार 14 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे चार युवक वोक्सवैगन वर्टस कार से कहीं जा रहे थे। जैसे ही निछुआडीह के पास पहुंचे को अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं कार में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए मऊ अस्पताल भिजवाया। जहां
हादसे में घायल गोलू ठाकुर (21) पुत्र कमलेश ठाकुर, कुनाल पासवान (24) पुत्र रविन्द्र पासवान और धनंजय पटेल (26) पुत्र रामप्रकाश निवासीगण गौआपार थाना नगरा तथा अभिषेक पटेल (27) पुत्र प्रमोद पटेल निवासी जमुआव, बलिया की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से गौआपार गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं जमुआव निवासी अभिषेक पटेल की मौत से उनके परिवार पर भी दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार ने बताया कि नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में घायल चारों युवकों को उपचार के लिए मऊ भेजा गया था, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।