
पुश्तैनी जमीन के विवाद में घायल महिला की मौत, शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा
रतसड़ में भैंस बांधने को लेकर दो पक्षों में हुई थी मारपीट, 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पांच गिरफ्तार

रिपोर्ट : श्रवण कुमार पांडेय
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसड़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार में पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान शुक्रवार की भोर में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को घर के सामने विवादित जमीन पर रखकर जमीन का निस्तारण, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतका के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग करने लगे। सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी, गड़वार, फेफना और नगरा थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एसडीएम सदर ने विवादित जमीन का शीघ्र निस्तारण कराने, नगर पंचायत रतसड़ के ईओ ने मृतका के आश्रित को नगर पंचायत में नौकरी दिलाने तथा सीओ सिटी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में हीरालाल की तहरीर पर गड़वार पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।




पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर की शाम करीब सात बजे हीरालाल राजभर की पत्नी आशा देवी अपनी पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आशा देवी को बचाने पहुंची निराशा देवी (40) पत्नी हरेंद्र राजभर, सोनी पत्नी छोटेलाल और खुशी पुत्री छोटेलाल को भी मारपीट कर घायल कर दिया। सभी घायलों को परिजनों ने सीएचसी रतसड़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से आशा, सोनी और खुशी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि निराशा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें मऊ स्थित हेरिटेज नर्सिंग होम ले गए, जहां शुक्रवार की भोर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस मामले में हीरालाल की तहरीर पर गड़वार पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में रंजीत राजभर, देवनाथ राजभर, रामाशीष, राजकुमार, प्रिंस, नितेश राजभर, आदित्य, छोटू राजभर, कृष्णा, राजन, निरंजन, गोलू, सपना, शालू, सरिता, सरस्वती और चंदा शामिल हैं। इसमें से देवनाथ राजभर पुत्र खेदन, नितेश पुत्र देवेन्द्र राजभर, कृष्णा पुत्र चन्द्रशेखर, सरस्वती पत्नी प्रेमचन्द्र और चन्दा देवी पत्नी देवनाथ को हिरासत में लेकर कार्यवाही प्रचलित है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में पांच नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।