
जुलूस में बज रहे डीजे के साउंड से 20 दिन की बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया आरोप
बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में शुक्रवार को लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान 20 दिन की मासूम बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जुलूस में तेज आवाज में बज रहे डीजे के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार, खरौनी गांव निवासी रीमा शाह अपनी 20 दिन की बेटी के साथ मायके मुड़ियारी आई थी। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे गांव के बिंद टोली से लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला। इस दौरान रीमा अपनी बच्ची को लेकर घर के सामने कुएं के पास खड़ी थी। तभी अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सीएचसी मनियर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के आरोप पर पुलिस ने मौके से डीजे को कब्जे में लेकर उसके ऑपरेटर को हिरासत में ले लिया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।