छठ पर्व पर बलिया के रास्ते होगा तीन और स्पेशल ट्रेनों का संचालन

Spread the love

छठ पर्व पर बलिया के रास्ते होगा तीन और स्पेशल ट्रेनों का संचालन

नई दिल्ली-दरभंगा के बीच आज चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन, ग्वालियर- बरौनी के बीच दो जोड़ी ट्रेनों का होगा संचालन

बलिया। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तीन और त्योहार विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें नई दिल्ली-दरभंगा के बीच एक आरक्षित स्पेशल ट्रेन तथा ग्वालियर-बरौनी के बीच दो जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेनें शामिल हैं। खास बात यह है कि ये सभी ट्रेनें बलिया रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेंगी।इससे दिल्ली, मध्य प्रदेश और बिहार की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। इसकी जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने दी।

बताया कि रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04080 नई दिल्ली-दरभंगा आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन 12 नवंबर को नई दिल्ली से रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम 5:02 बजे बलिया पहुंचेगी और 5:04 बजे रवाना होकर सुरेमनपुर होते हुए छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के रास्ते तीसरे दिन रात एक बजे दरभंगा पहुंचेगी। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04111 ग्वालियर-बरौनी त्योहार विशेष ट्रेन 12 नवंबर को ग्वालियर से दोपहर 2:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 6:40 बजे बलिया पहुंचेगी। यहां से रेवती, सुरेमनपुर और छपरा होते हुए दोपहर 12:15 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04112 बरौनी-ग्वालियर स्पेशल ट्रेन 13 नवंबर को बरौनी से दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी और रात 8:20 बजे बलिया पहुंचेगी। इसके बाद गाजीपुर, वाराणसी और प्रयागराज होते हुए अगले दिन दोपहर 12:20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।

वहीं, दूसरी जोड़ी में गाड़ी संख्या 04101 ग्वालियर-बरौनी त्योहार विशेष ट्रेन 13 नवंबर को ग्वालियर से दोपहर 2:15 बजे चलेगी और 14 नवंबर को सुबह 6:40 बजे बलिया पहुंचेगी। यहां से निर्धारित ठहराव के बाद बरौनी के लिए रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04102 बरौनी- ग्वालियर स्पेशल ट्रेन 14 नवंबर को बरौनी से दोपहर 1:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रात 8:20 बजे बलिया पहुंचेगी और अगले दिन दोपहर 12:20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। कोच संरचना की बात करें तो नई दिल्ली- दरभंगा स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए गए हैं। इसमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 10, शयनयान के पांच और सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार कोच शामिल हैं। वहीं, पहली ग्वालियर-बरौनी स्पेशल में कुल 20 कोच होंगे, जबकि दूसरी जोड़ी में भी 20 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *