
मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मौत, छठ की खुशियां मातम में बदली
बलिया। रसड़ा थाना क्षेत्र के अमहर पट्टी दक्षिण (सड़ौली) गांव में शुक्रवार शाम मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। छठ पर्व की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से गांव में भी मातम पसरा है।



जानकारी के अनुसार, गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार की पुत्री सृष्टि अपनी मां के साथ छठ पर्व की खरीदारी करने रसड़ा बाजार गई थी। घर लौटने के बाद मां अंदर चली गई, जबकि सृष्टि घर के बाहर सड़क किनारे खेलने लगी। इसी दौरान मिट्टी लदा ट्रैक्टर गुजर रहा था, जिसकी चपेट में आकर बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सीएचसी रसड़ा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।