
नशामुक्त युवा, विकसित भारत की थीम पर छह नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव
लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन में प्रतिभा दिखाएंगे युवा, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार




बलिया। युवाओं में छिपी प्रतिभा को मंच देने और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग की ओर से छह नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विकसित भारत युवा यंग लीडर्स डायलॉग -2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ रखी गई है।



कार्यक्रम का आयोजन छह नवंबर को सुबह 10 बजे श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया के मनोरंजन कक्ष में होगा। इसमें युवाओं को अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता पांच विधाओं लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), पेंटिंग और कविता लेखन में आयोजित की जाएगी। समूह विधाओं में एक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी धनेश सिंह यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी विकासखंडों के साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शासकीय एवं अर्धशासकीय शिक्षण संस्थानों के युवा और कलाकार प्रतिभाग कर सकते हैं। इसमें शामिल होने के लिए प्रतिभागियों का My Bharat Portal पर पंजीकरण अनिवार्य है। प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पंजीकरण एवं नामांकन के समय हाईस्कूल प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की छायाप्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।