धूमधाम से मना बलिया का 186वां स्थापना दिवस, विकास की नई इबारत लिख रहा जनपद: दयाशंकर

Spread the love

धूमधाम से मना बलिया का 186वां स्थापना दिवस, विकास की नई इबारत लिख रहा जनपद: दयाशंकर

बलिया के गौरवशाली इतिहास को किया गया याद, विकास परियोजनाओं से बदलेगी जिले की तस्वीर

आजादी की लड़ाई से लेकर विकास की राह तक, बलिया की पहचान है संघर्ष और स्वाभिमान

बलिया। बलिया स्थापना दिवस रविवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बलिया का इतिहास गौरवशाली और संघर्षों से भरा रहा है। आज जिले का 186वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। एक नवंबर 1988 को गाजीपुर से अलग होकर बलिया स्वतंत्र जनपद बना था। उस समय जिले में तीन तहसीलें थीं, जबकि समय के साथ प्रशासनिक व्यवस्था में कई बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में बलिया का योगदान ऐतिहासिक रहा है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक मंगल पांडेय ने अपनी वीरता से देश का गौरव बढ़ाया। वहीं, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान बलिया को आजाद होने का गौरव प्राप्त हुआ। व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई में भी बलिया की अहम भूमिका रही है।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जैसी महान विभूतियों ने अपनी प्रतिभा और विचारों से देश को नई दिशा दी। मंत्री ने कहा कि बलिया के लोगों ने प्रशासनिक, व्यावसायिक, सामाजिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और देश के अलग-अलग हिस्सों में जनपद का मान-सम्मान बढ़ाया है। आज बलिया विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहा है और हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।

उन्होंने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बलिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, बाईपास निर्माण, भृगु कॉरिडोर निर्माण, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और गरीबों के लिए आवास जैसी योजनाओं पर काम हो रहा है। इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बलिया अपनी गौरवशाली विरासत को संजोते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को भी प्रदर्शित किया गया। स्थापना दिवस समारोह ने लोगों में जनपद के गौरवशाली इतिहास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय, डीडीओ आनंद प्रकाश एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *