
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले के सभी थानों में हुआ एकता परेड का लाइव प्रसारण, पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली बच्चों ने भी देखी परेड
देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प, पुलिस और आमजन की रही सहभागिता



बलिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद के सभी थानों में एकता परेड-2026 के सजीव प्रसारण का आयोजन किया गया। गुजरात के एकता नगर में आयोजित इस भव्य परेड का सीधा प्रसारण थाना परिसरों में बड़ी स्क्रीन, प्रोजेक्टर और एलईडी टीवी के माध्यम से दिखाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्कूली बच्चों, युवाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।



एकता नगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में हुई परेड को जनपद के सभी थाना परिसरों में लोगों ने एक साथ देखा। इस दौरान थाना प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व से अवगत कराया। साथ ही सभी ने देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।



राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति एकजुटता और समर्पण की भावना को मजबूत करना था। इसके साथ ही युवाओं और आमजन को देश की एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक करने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। जनपद के सभी थाना परिसरों में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी देखने को मिली।