बलिया पोखरे में उतराया मिला मजदूर का शव, मचा कोहराम

Spread the love

बलिया पोखरे में उतराया मिला मजदूर का शव, मचा कोहराम

दो दिन से लापता था प्रेमचंद, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने गया था मृतक

बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के मिठवार गांव के मढ़ाई टोला निवासी प्रेमचंद राजभर (40) पुत्र स्व. हरि राजभर का शव शुक्रवार की सुबह गांव स्थित बाबा के पोखरे में उतराया हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची फेफना पुलिस ने शव को पोखरे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में पांच स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थी। बुधवार को प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान प्रेमचंद अपनी बस्ती की प्रतिमा लेकर जाने वाली समिति के साथ देर शाम गया था। इसके बाद से वह लापता था। जिसकी काफी छानबीन की गई। लेकिन कोई अता – पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह शौच और टहलने के लिए पोखरे की ओर गए ग्रामीणों ने पानी में शव उतराता देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही फेफना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान प्रेमचंद के रूप में की। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी तारा देवी, दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पोखरे से बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *