
बांसडीह में बंद मकान का ताला तोड़ लाखों के आभूषण और 50 हजार नकदी चोरी
एक दिन के लिए वाराणसी गया था परिवार, लौटने पर टूटा मिला मुख्य दरवाजा और आलमारी का ताला



बलिया। बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर-11 में चोरों ने बंद दो मंजिला मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लोग बुधवार सुबह मकान में ताला बंद कर वाराणसी गए थे। गुरुवार देर शाम वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी भी टूटी हुई थी। चोरी की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर-11 निवासी सुरेश पांडेय अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनके पुत्र और पुत्रवधू नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। सुरेश पांडेय बुधवार सुबह घर में ताला बंद कर वाराणसी में भर्ती रिश्तेदार को देखने गए थे। गुरुवार देर शाम घर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर आलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे आभूषण व नकदी गायब थी।



सुरेश पांडेय के मुताबिक चोर 50 हजार रुपये नकद के अलावा सोने का मांगटीका, नथिया, झुमके, टॉप्स, बाली, अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, चेन, चांदी की पायल, दर्जनों बिछिया, नाक की कील समेत अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए गहनों में उनकी पत्नी और बहू के आभूषण भी शामिल हैं। परिवार के अनुसार, मकान महज एक दिन के लिए बंद किया गया था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना की जांच में जुटी है।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में बढ़ी चिंता
बांसडीह कस्बे और आसपास के इलाकों में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चोर घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है और चोरी गए सामान की बरामदगी भी नहीं हुई है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों के मुताबिक वार्ड नंबर-7 में कुबेर पांडेय के घर, डूहीं मूसी चट्टी में स्वर्णकार पंकज सोनी की दुकान, शाहपुर में दो मंजिला मकान और पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर दूर दिनेश सिंह के बंद मकान में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा बांसडीह-सहतवार मार्ग स्थित एहसानुल हक की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में नकब लगाकर करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान की चोरी हुई थी। वार्ड नंबर-6 में छात्रनेता आदर्श मिश्र के घर और संतोष शर्मा की फर्नीचर दुकान, राजपुर बघौली में अनिकेत कुमार के मकान, वार्ड नंबर-7 में अत्री मिश्र व सन्नी मिश्र के घर तथा वार्ड नंबर-3 में उमेश मिश्र की पानी की मोटर चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से पुरानी घटनाओं का जल्द खुलासा करने और कस्बे में गश्त बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।