
बलिया में मुठभेड़ में गौ तस्कर घायल, तमंचा- कारतूस बरामद
बलिया। गड़वार पुलिस ने शनिवार की भोर में मुठभेड़ के दौरान शातिर गौ तस्कर को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी रतसर भेजा गया। उसके कब्जे से तमंचा, तीन कारतूस बरामद हुआ।







पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे गड़वार पुलिस नहर किनारे शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित गौ तस्कर वहां मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान सुगनी नट (32) पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट, निवासी आलमपुर, थाना गड़वार के रूप में की है।पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, तीन कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।