
बलिया में 656 किलो से अधिक पटाखों का जखीरा बरामद, तीन गिरफ्तार
गुदरी बाजार में दुकान के बेसमेंट और DCM में रखा था विस्फोटक सामान, हादसा होने पर मच सकती थी भारी तबाही
बलिया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुदरी बाजार स्थित एक दुकान के बेसमेंट और DCM वाहन से कुल 656.800 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे व विस्फोटक सामग्री बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों को अनधिकृत तरीके से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। एक छोटी सी चूक से भी बड़ा हादसा हो सकता था।



पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक श्याम प्रकाश मिश्र फोर्स चित्तू पांडेय चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मवेशी अस्पताल के पास गुदरी बाजार में एक दुकान/मकान के बेसमेंट में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना को।गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बेसमेंट से नौ कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए।



इसके बाद दुकान के बाहर खड़े DCM वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में 16 कार्टून पटाखे मिले। इनमें महाबीर कलर स्पार्कल, लेपर्ड किंग ग्रीन क्रैकर सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल थे। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराने पर बरामद कुल विस्फोटक सामग्री का वजन 656.800 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में गिरफ्तार चेतन गुप्ता ने बताया कि पटाखों की खेप वाराणसी स्थित जय यूपी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक विश्वनाथ यादव के माध्यम से मंगाई जाती थी और उन्हें एजेंसी में स्टोर करने के बाद बलिया के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था। इस काम में उसके पिता शशि मोहन गुप्ता भी शामिल थे।

पुलिस ने मामले में चेतन गुप्ता और उसके पिता शशिमोहन गुप्ता निवासी मवेशी अस्पताल रोड, गुदरी बाजार, बलिया तथा DCM चालक आशीष यादव निवासी चक्रपानपुर, थाना मेहनगर, आजमगढ़ को गिरफ्तार किया है। वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर मुकदमे में दाखिल किया है। इस मामले में कोतवाली थाने में एक्सप्लोसिव एक्ट 1884 की धारा 9(B)(1B), विस्फोटक नियम 2008 के नियम 7, 39, 40 व 83 तथा बीएनएस की धारा 288, 125(a) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का चालान न्यायालय किया है।