
मिशन शक्ति के तहत 50 महिलाएं सम्मानित, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
बलिया। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला कल्याण विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित कर महिला सुरक्षा, शिक्षा, कल्याण और सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न विभागों की 50 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू भैया, बांसडीह विधायक केतकी सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।




समारोह में महिला पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार और चिकित्सा विभाग की कर्मियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की बात कही, वहीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष और विधायक केतकी सिंह ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की अपील की।



कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। सम्मानित महिलाओं ने इसे समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को पहचान देना और समाज में सुरक्षा, सम्मान व सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।