
ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़कर हुआ 3500, बलिया में हुआ सम्मान







बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार को बरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) का मासिक मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 करने की घोषणा की। इस अवसर पर पुलिस लाइन बलिया सहित जिले के विभिन्न थानों में कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया गया। ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करने के साथ मिठाई वितरित कर बधाई दी गई।

मानदेय में 1000 प्रतिमाह की वृद्धि से ग्राम प्रहरियों को सालाना 12000 का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका है। उन्होंने गौ- तस्करी, शराब व मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित थाने को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सटीक सूचना देने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर बांसडीह विधायक केतकी सिंह, एमएलसी पप्पू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।