नौकरी के नाम पर ठगी रोकने को बलिया में एंटी फ्रॉड सेल गठित

Spread the love

नौकरी के नाम पर ठगी रोकने को बलिया में एंटी फ्रॉड सेल गठित

15 दिन में होगी शिकायतों की जांच, लापरवाही पर बिना स्पष्टीकरण मांगे होगी कार्रवाई

बलिया। नौकरी का झांसा देकर, सरकारी-निजी भर्तियों में काम कराने के नाम पर और संगठित तरीके से ठगी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जनपद में एंटी फ्रॉड सेल का गठन किया है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला को सेल का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा और प्रभारी डीसीआरबी को सदस्य नामित किया गया है।

सेल नौकरी के नाम पर ठगी, भर्ती प्रक्रिया में मदद दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी तथा पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति से संबंधित संगठित ठगी के मामलों की निगरानी करेगा। इनसे संबंधित जनपद और थानों में प्राप्त सभी शिकायतें थानाध्यक्ष सेल को भेजेंगे। शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज कर संबंधित क्षेत्राधिकारी से जांच कराई जाएगी। संकलित साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तय करने के लिए संयुक्त निदेशक अभियोजन से विधिक राय भी ली जाएगी।


शिकायतों की जांच पूरी करने के लिए अधिकतम 15 दिन की समयसीमा निर्धारित की गई है। सेल शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा और क्रॉस चेकिंग करेगा। संबंधित अधिकारियों को जांच रिपोर्ट, अब तक की कार्रवाई और आगे की विधिक कार्रवाई की आवश्यकता संबंधी टिप्पणी सेल को देनी होगी। सभी शिकायतों का रिकॉर्ड अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के कार्यालय में रखा जाएगा और अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक लेंगे। एंटी फ्रॉड सेल की प्रत्येक सप्ताह बैठक होगी और कार्यवृत्त तैयार किया जाएगा। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने या किसी अधिकारी-कर्मचारी की उदासीनता सामने आने पर बिना स्पष्टीकरण मांगे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *