
बलिया में ट्रक की चपेट में आने से स्कूली छात्रा की मौत, बचाने में होमगार्ड जवान घायल
फेफना-रसड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा, छात्रा की मौत से मची अफरा-तफरी
स्कूल की छुट्टी होने पर साइकिल से घर जा रही थी छात्रा



बलिया। फेफना-रसड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एकौनी गांव के सामने यादव बस्ती के समीप सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने के प्रयास में पीछे से आ रहे उत्तर प्रदेश होमगार्ड के जवान रामनरायन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।




जानकारी के अनुसार एकौनी गांव निवासी रमेश वर्मा की 18 वर्षीय पुत्री संध्या वर्मा कक्षा 11 की छात्रा है। वह सोमवार को फेफना स्थित स्कूल से पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान एकौनी गांव के सामने यादव बस्ती के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीछे से आ रहे एकौनी निवासी होमगार्ड रामनरायन सिंह छात्रा को बचाने के प्रयास में ट्रक की टक्कर से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने पुलिस बल के साथ स्थिति संभाली और लोगों को समझाकर शांत कराया।पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वही ट्रक को कब्जे में लेकर थाने लाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।