
बलिया में निर्वाचन की तैयारी तेज, 54 मतदेय स्थलों के भवन होंगे अधिग्रहित
प्रेक्षकों के समन्वय के लिए दो लाइजन अफसर नियुक्त
बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने 21 से 25 अक्टूबर तक कुल 54 मतदेय स्थलों के भवन अधिग्रहित करने का आदेश जारी किया है। इनमें स्नातक निर्वाचन के 34 और शिक्षक निर्वाचन के 20 मतदेय स्थल शामिल हैं। भवनों के साथ उनके परिसर, फर्नीचर और अन्य संसाधनों का भी अधिग्रहण होगा।







इनका उपयोग मतदान संबंधी कार्यों तथा अधिकारियों और मतदान कार्मिकों के ठहरने के लिए किया जाएगा। संबंधित भवनों को 21 अक्टूबर को तहसील कर्मचारियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रेक्षकों के साथ समन्वय हेतु दो लाइजन अफसर नियुक्त किए गए हैं। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन के प्रेक्षक गौरी शंकर प्रियदर्शी के लिए राजेश कुमार मिश्रा, एआरओ बांसडीह को तथा शिक्षक निर्वाचन के प्रेक्षक प्रांजल यादव के लिए आबकारी निरीक्षक विमलेश यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारी प्रेक्षकों के जनपद आगमन पर संपर्क, समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएंगे। नियुक्ति आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।