
4,600 किसानों को फसल क्षति का मुआवजा, डीएम ने 100 किसानों को दिए प्रतीकात्मक चेक
मुख्यमंत्री ने भेजे 493 करोड़, बलिया के किसानों को मिलेंगे 3.10 करोड़



बलिया। प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति झेल रहे प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने सोमवार को गोरखपुर से आयोजित कार्यक्रम में 493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इसके तहत बलिया के करीब 4,600 किसानों को 3.10 करोड़ की सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की उपस्थिति में 100 किसानों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।




डीएम ने बताया कि जिले के 100 गांवों में लगभग 1,500 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में फसल क्षति का आकलन किया गया है। प्रभावित किसानों को सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि चक्रवात प्रभावित करीब 300 किसानों के लिए 30 लाख और बाढ़ प्रभावित लगभग 4,300 किसानों के लिए 2.80 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 310 लाख की सहायता दी जाएगी। कार्यक्रम में किसान संघ के अखिलेश सिंह ने किसानों को समय से मुआवजा देने की पहल की सराहना की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिल कुमार, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, तहसीलदार अभिषेक कुमार, कृषि विशेषज्ञ पीयूष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार प्रदीप यादव तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और नागरिक सुरक्षा विभाग के सदस्य मौजूद रहे।