
नरही में कंटेनर से 24 गोवंश बरामद, तस्कर फरार
पुलिस को देखकर ट्रक छोड़कर भागे चालक और उसके साथी, मुकदमा दर्ज
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के उजियार गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर से 24 गोवंश (बैल) बरामद किया। बैलों को कंटेनर में निर्दयतापूर्वक ठूंसकर बांधा गया था। पुलिस ने सभी बैलों को मुक्त कराते हुए कंटेनर को कब्जे में ले लिया। हालांकि, पुलिस को देखकर चालक और उसके साथी मौके से फरार हो गए।




जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर को उपनिरीक्षक शशांक पांडेय पुलिस टीम के साथ उजियार गांव में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भरौली-बक्सर मुख्य मार्ग पर भावरकोल की तरफ से आ रहा एक कंटेनर पुलिस को देखकर कुछ दूरी पहले ही रुक गया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख चालक और उसके साथी भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसके अंदर 24 बैल बंधे मिले। टीम ने रस्सियां काटकर सभी गोवंश को मुक्त कराया। बरामद कंटेनर का पंजीकरण नंबर UP71AT0098 है। ई-चालान ऐप से जांच में वाहन स्वामी का नाम अंजू अली पत्नी मंजूर अली, निवासी गाजीपुर फतेहपुर, जनपद फतेहपुर दर्ज मिला।
इस मामले में नरही थाने में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाहन स्वामी, अज्ञात चालक और उसके अन्य साथियों को आरोपी बनाया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।