
महर्षि भृगु आश्रम का 8.74 करोड़ से होगा कायाकल्प, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बलिया। महर्षि भृगु की तपोभूमि को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों के विकास योजना के तहत आश्रम के विकास पर 8.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि परियोजना का कार्य धरातल पर शुरू हो चुका है।



योजना के तहत आश्रम परिसर में भव्य स्वागत द्वार, दो मंजिला मल्टीपर्पज हॉल, यात्री शेड, आकर्षक वॉल आर्ट, आधुनिक साइनेज और लाइट एंड साउंड शो जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मान्यता है कि महर्षि भृगु ने इसी तपोभूमि पर तपस्या की थी और भृगु संहिता की रचना की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर भृगु कॉरिडोर विकसित करने की बात कह चुके हैं। सरकार की इस पहल से बलिया की धार्मिक और पौराणिक विरासत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।