
बलिया को झोपड़ी मुक्त बनाने की तैयारी, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
सड़कों पर नहीं लगेगा सब्जी बाजार, कूड़ा दिखने पर होगी जवाबदेही
राजस्व कार्यों में लापरवाही पर डीएम नाराज, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा और बेघरों को आवास दिलाने में तेजी लाएं अधिकारी



बलिया। जिले को झोपड़ी मुक्त बनाने और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। बाढ़ या अन्य कारणों से मकान गंवा चुके पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जाएगा। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।



डीएम ने कहा कि अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले पात्र परिवारों को चिह्नित कर सूची तैयार की जाए, ताकि उन्हें आवास उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में बताया गया कि बाढ़ के कारण 2,707 व्यक्तियों की जमीन कटान से प्रभावित हुई है। जिलाधिकारी ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने और आपदा में मृतकों के परिजनों को सहायता राशि का भुगतान समय से सुनिश्चित करने को कहा। शहरों और कस्बों में सड़कों पर सब्जी बाजार लगाने पर रोक लगाते हुए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों के अधिकारियों को कूड़ा उठान और निस्तारण की नियमित निगरानी करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़कों और आसपास के गांवों में कूड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

रसड़ा, नगरा और बैरिया में निर्माणाधीन गौशालाओं का कार्य जल्द पूरा कराने तथा बलिया नगर में गौशाला निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
जनशिकायतों की समीक्षा में डीएम ने अधिकारियों को प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल देखने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। उन्होंने बताया कि आईजीआरएस रैंकिंग में बलिया 11वें स्थान पर है। वहीं, राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने और बलिया सदर, बैरिया व बांसडीह तहसीलों में अंश निर्धारण के कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए।
स्टांप राजस्व के कार्यों में खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने और पारिवारिक लाभ योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाने को कहा। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी एसडीएम और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।