
उदयपुरा के मां काली मंदिर में चोरी का खुलासा, 24 घंटे में एक गिरफ्तार
हिरासत में लिया गया एक बाल अपचारी, 356 ग्राम चांदी और 5.38 ग्राम सोने के आभूषण बरामद
बलिया। दुबहड़ थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव स्थित मां काली मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 356 ग्राम चांदी के आभूषण और 5.38 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं।






पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को उदयपुरा स्थित मां काली मंदिर में चोरी की सूचना मिलने पर दुबहड़ थाने में बीएनएस की धारा 305(डी) में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपनिरीक्षक शुभेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जनाड़ी गांव के पास धरनीपुर मोड़ से रिंगबंधा जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए पकड़ी थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी नीरज गुप्ता (22) पुत्र गोरख गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात और चांदी की छतरी बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान में 14 चांदी की चेन, जिनका कुल वजन करीब 186 ग्राम है, तथा 170 ग्राम वजन की एक चांदी की छतरी शामिल है। इस तरह कुल 356 ग्राम चांदी बरामद हुई। इसके अलावा चार सोने के लॉकेट, एक मांग टीका और एक मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया गया। सोने के आभूषणों का कुल वजन 5.38 ग्राम बताया गया है।