
रामगोविंद चौधरी समाजवादी विचारधारा और संघर्ष के थे प्रतीक : अखिलेश
गोसाईपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात
भाजपा सरकार पर साधा निशाना, योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी सलाह


बलिया। स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी समाजवादी विचारधारा, सिद्धांतों और संघर्ष के प्रतीक थे। उन्होंने नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ पूरी ईमानदारी से काम करते हुए समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। जमीन से उठकर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले रामगोविंद चौधरी हमेशा समाजवादी विचारधारा के सितारे की तरह चमकते रहेंगे। यह बाते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव शुक्रवार को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी की तेरहवीं पर श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों के समक्ष कही।

उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी जनता के बीच हों या सदन, अपनी बात मजबूती से रखते थे। उन्होंने अपने विचारों से लोगों को जोड़ा और एक अलग राजनीतिक पहचान बनाई। आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपनी विचारधारा और सिद्धांतों की विरासत छोड़ गए हैं। इसे आगे बढ़ाना सभी समाजवादियों की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को अयोध्या के लोगों के समर्थन पर इतना भरोसा है तो उन्हें अगला विधानसभा चुनाव वहीं से लड़ना चाहिए। उन्होंने इसे चुनौती के बजाय सलाह बताया। कहा कि 15 दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास के नाम पर स्थानीय लोगों के साथ भेदभाव हुआ है। लोगों की दुकानें, मकान और जमीनें प्रभावित हुईं, लेकिन उन्हें बाजार भाव के अनुसार मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिससे स्थानीय लोगों को भी लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो



सनातन धर्म के नाम पर राजनीति का लगाया आरोप
राम मंदिर में दर्शन नहीं करने के आरोप पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म भेदभाव और नफरत नहीं, बल्कि वसुधैव कुटुंबकम की भावना सिखाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाले लोग स्वयं को सनातन का सबसे बड़ा अनुयायी बताते हैं। मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में हुआ है।



महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर घेरा
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बात करती है, लेकिन युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश कई उत्पादों के लिए अब भी दूसरे देशों पर निर्भर है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि बलिया में 300 से 400 स्कूल बंद हो गए हैं। उन्होंने एंबुलेंस और पुलिस की आपातकालीन सेवाओं पर भी सवाल उठाए। किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें खाद की उपलब्धता, फसलों के नुकसान का मुआवजा और उपज का उचित मूल्य पाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बाढ़ और बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की। इसके अलावा गौशालाओं की व्यवस्था और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा।

ओमप्रकाश राजभर पर भी साधा निशाना
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयानों से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने इसे भाजपा की राजनीतिक रणनीति बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने सहयोगियों की राजनीतिक मोलभाव करने की ताकत कम कर दी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन को सबसे अधिक सीटें मिलेंगी और जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त होगा।
अखिलेश यादव ने बलिया को क्रांतिकारियों की धरती बताते हुए कहा कि यदि भाजपा फिर सत्ता में आती है तो देश की चुनावी व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।

शिवपाल यादव समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
अखिलेश यादव के आगमन से पहले ही चेतन किशोर मैदान स्थित हेलीपैड और गोसाईपुर गांव में समर्थकों की भीड़ जुट गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। अखिलेश यादव के जाने के कुछ समय बाद सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव भी गोसाईपुर पहुंचे और रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों से मुलाकात की। श्रद्धांजलि देने के लिए बलिया के अलावा अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान सांसद सनातन पांडेय, सपा के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी, विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, संग्राम सिंह यादव और जयप्रकाश अंचल, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह व अंबिका चौधरी सहित कई नेता मौजूद रहे। सपा जिलाध्यक्ष मौर्या जितेश कुमार वर्मा, अनंत मिश्रा, रामजी यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि दी। स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के पुत्र रंजीत चौधरी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया