
बलिया में पारिवारिक कलह से नाराज युवक ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी
मामा के लड़के ने रोकने का किया प्रयास, गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी की मदद से खोजबीन जारी
दुबहड़ (बलिया)। थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी एक युवक ने शुक्रवार दोपहर पारिवारिक कलह से नाराज होकर जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख उसके मामा के लड़के ने रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगवा गांव निवासी नसीम अंसारी (36), पुत्र अनवर अली, शुक्रवार दोपहर पारिवारिक विवाद से नाराज होकर घर से निकल गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान वह जनेश्वर मिश्र सेतु पर पहुंच गया, जहां उसका मामा का लड़का भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि उसके सामने ही नसीम ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। उसे रोकने के लिए काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना।



घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी को सूचना देकर खोजबीन शुरू कराई। बताया जाता है कि नसीम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है और अभी अविवाहित है। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। वह परिवार की कपड़े की दुकान पर काम करता था। घटना के बाद से परिजन चिंतित हैं और उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल गंगा नदी में युवक की तलाश जारी है।