
हिंदू से मुस्लिम बनी महिला ने पति, ससुर व अन्य दो सदस्यों पर जबरन दुष्कर्म का लगाया आरोप
प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन और जबरन किया निकाह, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र की हिंदू से मुस्लिम बनी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर उत्पीड़न, जबरन धर्म परिवर्तन, निकाह, मारपीट और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।



भीमपुरा थाना के एक गांव की महिला ने पत्रक में उल्लेख किया है कि उसके पति परवेज खान ने खुद को हिन्दू बताकर उसे प्रेमजाल में फंसाया था। आरोप है कि मुंबई से अपने घर लाने के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और निकाह किया गया। इसके बाद से पति और ससुराल के अन्य लोगों द्वारा उसका लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त 2026 की रात उसके पति परवेज खान, उसके दो बेटों और परिवार के अन्य लोगों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का यह भी आरोप है कि उसके ससुर निहाल अहमद ने उस पर ‘जिन्नात का साया’ होने की बात कहते हुए धर्म शुद्धिकरण के नाम पर भी उसके साथ जबरदस्ती की।


शिकायत में महिला ने बताया कि मारपीट के कारण उसकी आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। सिर में कई स्थानों पर चोट और सूजन है तथा वर्तमान में भी रक्तस्राव हो रहा है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसका समुचित उपचार भी नहीं कराया। महिला ने खुद को भयभीत बताते हुए आरोपियों से दोबारा गंभीर मारपीट और जान का खतरा जताया है। पीड़िता के मुताबिक, उसने मामले की सूचना भीमपुरा थाने पर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।