
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व की तैयारी पूरी, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
आस्था के महापर्व पर 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां
घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और नावें तैनात, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, घाटों पर तैनात रहेगी एनडीआरएफ और पीएसी

बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने स्नान घाटों सहित मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्नान की पूर्व संध्या पर अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों को परखा। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।



प्रशासनिक अनुमान के मुताबिक, सोमवार करीब दो से तीन बजे के बीच स्नान पर्व की शुरुआत होने की संभावना है। इस बार आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। वहीं, ददरी मेला भी शुरू होने के कारण आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। साथ ही स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र में पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम, एक प्लाटून पीएसी और गोताखोरों की टीम भी मुस्तैद रहेगी। नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है। प्रत्येक 50 से 100 मीटर की दूरी पर गोताखोरों और तैराकों के साथ नावों की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।



व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारी रात में भी मेला क्षेत्र में मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को रातभर में दूर करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्नान पर्व के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से स्नानार्थियों के लिए चेंजिंग रूम, बाथरूम और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। वहीं, दिव्यांग श्रद्धालुओं के सम्मानजनक आवागमन और स्नान के लिए विशेष वालंटियर्स की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने घाटों पर स्वच्छता और सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही है। स्नान पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सिविल डिफेंस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स और स्थानीय डिग्री कॉलेजों के छात्र सहयोग करेंगे। युवा भारत के करीब 25 बच्चों को भी सेवा कार्य और श्रमदान के लिए लगाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व में उत्साहपूर्वक शामिल हों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही सेवा भाव से आगे आकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में सहयोग करें। निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।