
बलिया में मतदाता बनने को उमड़े लोग, विशेष अभियान में मिले 6,695 फार्म-6
18-19 वर्ष के 1,570 युवाओं ने मतदाता बनने को भरा फार्म
रसड़ा सबसे आगे, बेल्थरारोड दूसरे स्थान पर, जिले में मिले 6,695 फार्म-6


बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SSR) के तहत 22 नवंबर 2026 को द्वितीय विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान बलिया जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से बड़ी संख्या में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुईं।



प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 6,695 फार्म-6 प्राप्त हुए। इसके अलावा फार्म-6 (18-19 वर्ष आयु वर्ग) के 1,570, महिला एवं दिव्यांग श्रेणी के 2,882 तथा फार्म-7 के 398 फार्म प्राप्त हुए। वहीं, फार्म-8 के माध्यम से 628 आवेदन प्राप्त किए गए। विधानसभा क्षेत्रवार फार्म-6 की स्थिति इस प्रकार रही। बेल्थरारोड (अजा) में 1,005, रसड़ा में 1,131, सिकन्दरपुर में 489, फेफना में 443, बलिया नगर में 496, बांसडीह में 966 तथा बैरिया में 925 फार्म प्राप्त हुए। इसी प्रकार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं के फार्म-6 में बेल्थरारोड में 235, रसड़ा में 274, सिकन्दरपुर में 223, फेफना में 189, बलिया नगर में 213, बांसडीह में 258 तथा बैरिया में 178 आवेदन प्राप्त हुए। फार्म-7 के तहत मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए कुल 398 आवेदन मिले। इसके अतिरिक्त डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित 308 आवेदन तथा फार्म-8 के तहत नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए 628 आवेदन प्राप्त हुए।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध,पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।