
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन: समर्थकों के हुजूम के बीच चौधरी दिनेश चंद्र राय ने दाखिल किया नामांकन
वाराणसी/गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अधिकृत प्रत्याशी चौधरी दिनेश चंद्र राय ने सैकड़ों समर्थकों के साथ वाराणसी कचहरी पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान समर्थकों के नारों और वाहनों के काफिले से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया। मुहम्मदाबाद से समर्थकों के साथ निकले चौधरी दिनेश चंद्र राय वाहनों के बड़े काफिले के साथ वाराणसी पहुंचे। कचहरी परिसर में पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, युवा और समर्थक मौजूद रहे।





नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में चौधरी दिनेश चंद्र राय ने कहा कि उनका चुनाव व्यवस्था में उपेक्षित वर्गों के सम्मान, अधिकार और हितों की आवाज को मजबूती देने के लिए है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 20 महीनों से वह वाराणसी खंड के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं के बीच अपनी प्राथमिकताओं को लेकर पहुंच रहे हैं। कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय एवं सेवा सुरक्षा, पुरानी पेंशन की बहाली, निजी क्षेत्र में कार्यरत स्नातकों के हितों व रोजगार सुरक्षा तथा शिक्षकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर वह लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि इन मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। पिछले कई महीनों से क्षेत्र में उनकी सक्रियता और लगातार जनसंपर्क के बीच नामांकन के दौरान उमड़ी समर्थकों की भीड़ को उनकी मजबूत दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन में अब मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं।