आग, भूकंप और हवाई हमले से बचाव का परखा गया इंतजाम, नवीन मंडी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल

Spread the love

आग, भूकंप और हवाई हमले से बचाव का परखा गया इंतजाम, नवीन मंडी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल

डीएम और एसपी की मौजूदगी में हुआ अभ्यास, सायरन बजते ही बंद की गई लाइटें, विभागों ने किया राहत-बचाव का प्रदर्शन

बलिया। आगजनी, भूकंप और दुश्मन के हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए, इसे लेकर रविवार शाम नवीन मंडी समिति तीखमपुर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा की मौजूदगी में हुए इस अभ्यास में प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग की तैयारियों को परखा गया। अलग-अलग आपात परिस्थितियों का कृत्रिम माहौल तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कराया गया।


22 नवंबर को शाम छह बजे शुरू हुए अभ्यास में सबसे पहले भवन में आग लगने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने, भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया। इसके बाद भूकंप की स्थिति दर्शाते हुए सायरन बजाया गया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, खुले मैदान में एकत्र होने और अफरातफरी से बचने का अभ्यास कराया गया। साथ ही जिला अस्पताल में घायलों के उपचार, एंबुलेंस और आपात चिकित्सा सेवाओं की तत्परता भी परखी गई।


मॉक ड्रिल के अगले चरण में दुश्मन के हवाई हमले की आशंका को लेकर सायरन बजाया गया और ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। इस दौरान अनावश्यक प्रकाश स्रोतों को बंद कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का अभ्यास कराया गया। आवश्यक सेवाओं को चालू रखने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था की भी जांच की गई। वहीं पुलिस और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालने का अभ्यास किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और आपसी समन्वय की वास्तविक स्थिति को परखना है। आगजनी या अन्य आपात घटनाओं में घायलों को तत्काल सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना और समय रहते राहत-बचाव कार्य शुरू करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से विभागों की तैयारियों की समीक्षा के साथ आमजन को भी आपदा से बचाव के प्रति जागरूक किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा और उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। मॉक ड्रिल के जरिए पुलिस और अन्य विभागों की तत्परता, समन्वय तथा जनसहयोग के स्तर को परखा गया, ताकि वास्तविक आपदा के समय प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा सके। अभ्यास के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *