
बलिया में धू-धू कर जली सड़क किनारे खड़ी कार, मचा हड़कंप
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के कोटवा नारायणपुर में मंगलवार की तड़के करीब चार बजे सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक धू-धू कर जल उठी। कार में आग लगने की जानकारी होते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, जली हुई कार कोटवा नारायणपुर में कोटवा से लट्ठूडीह जाने वाली सड़क पर खड़ी मिली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन गोरखपुर का बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक कार के मालिक या किसी अन्य व्यक्ति ने पुलिस से संपर्क नहीं किया है।





पुलिस ने बताया कि वाहन के नंबर से जुड़े मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें आग कैसे लगी। यह भी पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय कार में कोई सवार था या नहीं। पुलिस ने जली हुई कार को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस वाहन के मालिक से संपर्क होने का इंतजार कर रही है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।