बलिया में जाति प्रमाण पत्र के लिए 50 हजार रिश्वत मांगने के आरोप में लेखपाल निलंबित

Spread the love

बलिया में जाति प्रमाण पत्र के लिए 50 हजार रिश्वत मांगने के आरोप में लेखपाल निलंबित

बोले डीएम: कोई भी कर्मचारी व अधिकारी रिश्वत लेगा होगी कठोर कार्रवाई

लिया। जाति प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगने के आरोप में जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील सदर के सुल्तानपुर गांव के क्षेत्रीय लेखपाल संदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
मामला सुल्तानपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद तुरैहा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि तुरैहा जाति का प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए लेखपाल व अन्य राजस्व कर्मियों की ओर से प्रति आवेदन 50 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत के साथ मोबाइल पर हुई बातचीत की दो ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराई गई थीं।


तहसीलदार सदर की ओर से सोमवार को प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पूर्व में ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। आवश्यक साक्ष्य और अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण नियमानुसार पोर्टल पर आख्या दर्ज करते हुए आवेदन निस्तारित/निरस्त किए गए थे। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग 8 अप्रैल 2026 और 17 सितंबर 2026 की बताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रिकॉर्डिंग के प्राथमिक परीक्षण में बातचीत करने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। हालांकि, शिकायतकर्ता ने दावा किया कि रिकॉर्डिंग में सुनाई दे रही आवाज क्षेत्रीय लेखपाल संदीप सिंह की है। रिकॉर्डिंग में कथित रूप से जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रति आवेदन 50 हजार रुपये मांगने और रकम का एक हिस्सा अधिकारियों को दिए जाने की बातचीत होने का उल्लेख किया गया है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए संबंधित लेखपाल को निलंबित करने और विभागीय जांच की संस्तुति की। जिलाधिकारी के आदेश पर संदीप सिंह को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें तहसील बलिया के भूलेख कार्यालय से संबद्ध किया गया है। बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी कार्य के बदले अवैध धन की मांग या किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी कि इस तरह की शिकायत सामने आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *