झोपड़ी में लगी आग में रिटायर्ड बीएसएफ जवान की मौत, गाय को बचाने गया था अंदर

Spread the love

झोपड़ी में लगी आग में रिटायर्ड बीएसएफ जवान की मौत, गाय को बचाने गया था अंदर

बलिया। पकड़ी थाना क्षेत्र के सरंया गांव में रविवार की रात आवासीय झोपड़ी में लगी आग में सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान ध्रुव सिंह (65) की दर्दनाक मौत हो गई। आग की लपटों में घिरी गाय को बचाने के लिए ध्रुव सिंह झोपड़ी के अंदर गए थे। इसी दौरान झोपड़ी का छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे वह मलबे में दब गए। हादसे में ध्रुव सिंह के साथ गाय की भी मौत हो गई।


बताया जाता है कि रविवार की रात झोपड़ी से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच झोपड़ी के अंदर बंधी गाय को बचाने के लिए ध्रुव सिंह अंदर चले गए। तभी छप्पर गिरने से वह उसके नीचे दब गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ध्रुव सिंह और गाय की मौत हो चुकी थी।


आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी सावित्री और पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पकड़ी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *