
चाकू से हमला कर युवक को किया घायल, वाराणसी रेफर
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिचलाघाट चौकी अंतर्गत बेदुआ मोहल्ले में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।



जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर को वीरेन्द्र साहनी पुत्र मोहन साहनी निवासी बेदुआ मोहल्ला और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर जेपी साहनी पुत्र नूरी साहनी निवासी बेदुआ मोहल्ला ने वीरेन्द्र साहनी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वीरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया।



हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में दो व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।