रसड़ा में 15 लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद, सीज, एक हिरासत में

Spread the love

रसड़ा में 15 लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद, सीज, एक हिरासत में


घनी आबादी के बीच बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था भंडारण


बलिया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रसड़ा में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी रसड़ा रणवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के नेतृत्व में थाना रसड़ा पुलिस ने नाथबाबा चौराहा के पास छापेमारी कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए। पटाखों को बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक सुरक्षा मानकों के आवासीय परिसर में भंडारित किया गया था।


पुलिस के अनुसार, नाथबाबा चौराहा स्थित एक दुकान एवं उससे जुड़े आवासीय परिसर में दबिश के दौरान तारकेश्वर जायसवाल पुत्र स्व. रघुनाथ प्रसाद जायसवाल निवासी नाथ बाबा चौराहा, थाना रसड़ा, उम्र करीब 62 वर्ष, मौके पर मिला। तलाशी के दौरान 85 छोटी-बड़ी बोरियां, 15 कार्टून तथा खुले में रखी करीब पांच बोरियों में अवैध पटाखे बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि पटाखों का भंडारण बिना वैध लाइसेंस के किया जा रहा था। इसके साथ ही भंडारण स्थल पर सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की गई थी। मौके पर पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे और जिला प्रशासन की ओर से जारी वैध फायर एनओसी भी नहीं मिली। घनी आबादी के बीच इस तरह पटाखों का भंडारण होने से किसी हादसे की स्थिति में बड़े नुकसान की आशंका बनी हुई थी।


प्रशासन और पुलिस की टीम ने बरामद पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री को जब्त कर सीज कर दिया। मौके से तारकेश्वर जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा है। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रखने के संकेत दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *