पंखे के सहारे लटकता मिला वृद्ध का शव, घर में अकेले रहते थे वीरेंद्र

Spread the love

पंखे के सहारे लटकता मिला वृद्ध का शव, घर में अकेले रहते थे वीरेंद्र

बलिया। दुबहड़ थाना क्षेत्र के घोड़हरा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में अकेले रह रहे 60 वर्षीय वृद्ध का शव पंखे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके की जांच की और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घोड़हरा निवासी वीरेंद्र खरवार (60) पुत्र स्व. जगन्नाथ खरवार घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और दो बेटे दिल्ली में रहते हैं, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह काफी देर तक वीरेंद्र घर से बाहर नहीं निकले। इस पर उनके छोटे भाई मुन्ना प्रसाद को चिंता हुई और वह उनके घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से छत के पास बने रोशनदान से अंदर देखा गया तो वीरेंद्र पंखे में लगी रस्सी के सहारे लटके दिखाई दिए। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर उपनिरीक्षक राजकुमार और उपनिरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *