बलिया में मडुआ के आटे की रोटी खाने से दो दर्जन से अधिक महिलाओं की तबीयत बिगड़ी

Spread the love

अपडेट

बलिया में मडुआ के आटे की रोटी खाने से दो दर्जन से अधिक महिलाओं की तबीयत बिगड़ी

जिउतिया व्रत से पहले एक ही गांव की महिलाओं ने खाई थी रोटी, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

अब तक 37 व्रती महिलाएं अस्पताल में भर्ती, दो बुजुर्ग महिलाओं की हालत नाजुक बनी

बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छाता (आसचौरा) गांव में मडुआ के आटे की रोटी खाने के बाद दो दर्जन से अधिक महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी, पेट दर्द समेत अन्य शिकायतों के बाद सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक साथ बड़ी संख्या में महिलाओं के बीमार पड़ने से खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसकी जानकारी होते ही नवागत जिला अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह जिला अस्पताल में पहुंचे और मरीज का हाल-चाल जाना और मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

आपको बता दे कि जिउतिया व्रत से एक दिन पहले मडुआ के आटे की रोटी खाने की परंपरा है। इसी के तहत छाता गांव की महिलाओं ने भी मडुआ के आटे की रोटी खाई थी। इसके कुछ समय बाद ही एक के बाद एक महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी। सभी प्रभावित महिलाएं एक ही गांव छाता (आसचौरा) की हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने मडुआ का आटा एक ही दुकान से खरीदा था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन महिलाओं को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने के बाद अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों की इमरजेंसी कॉल बुलाई और कई मेडिकल टीमों को इलाज में लगाया गया। इस दौरान 26 वर्षीय पिंकी पत्नी पिंटू , 33 वर्षीय पुष्पा , 10 वर्षीय शिवम , 40 वर्षीय फूलमती, 36 वर्षीय सुनीता , नौ वर्षीय देवा, 32 वर्षीय सुमन, और 35 वर्षीय रंजिता वर्मा समेत कुल 37 महिलाएं भर्ती हैं। इसमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है। इस बाबत जिला अस्पताल के सीएमएस सुजीत कुमार यादव ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों की कई टीमें लगाई गई हैं। महिलाओं की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

जिउतिया पर्व से पहले मडुवा की रोटी खाने के बाद फूड पॉइजनिंग से बीमार हुई महिलाओं का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक 37 व्रती महिलाएं अस्पताल में भर्ती हुई हैं, जिनमें दो बुजुर्ग महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जांच के लिए मेडिकल और जांच टीम गांव भेजी गई है। जांच में यदि खाद्य पदार्थ या दुकानदार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *